हिमाचल प्रदेश : सात लोगों ने मिलकर किया महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म

0
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पुलिस थाना गगल के तहत एक गांव में पति से अलग रह रही महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने क्षेत्र के सात लोगों के खिलाफ पुलिस थाना गगल में शिकायत दी है। महिला के अनुसार उसने युवकों से लिफ्ट मांगी थी, जिसके बाद वे महिला को सलोल और मैक्लोडगंज के एक होटल में ले गए थे। जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को महिला ने बनोई में एक वाहन से लिफ्ट मांगी। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती अपने साथ सलोल में एक पोल्ट्री फार्म पर ले गए जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद वे उसे मैक्लोडगंज भी ले गए जहां उसके साथ फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह गगल पुलिस की टीम ने थाना प्रभारी मेहर दीन के नेतृत्व में गैंगरेप के सातों आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों में दो लोग तियारा, एक भढ़ियाडा, एक बंडी, एक वैदी, एक मेहरना और एक दाड़ी का रहने वाला बताया जा रहा है।
वहीं मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने क्षेत्र के सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं महिला का मेडिकल कांगड़ा अस्पताल में करवाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति से पिछले करीब पांच साल से अलग रह रही है और उसके तीन बच्चे भी हैं। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More