शिक्षक के घर लोकायुक्त का छापा, छत से बाहर फेंका बैग, उसमें निकली ये चीज
व्यापमं कांड में आरोपित रहे और 2 महीने की जेल काट चुके एक शिक्षक के घर लोकायुक्त पुलिस ने छापामार कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर टीम मंगलवार सुबह शिवनगर कुम्हारपुरा स्थित शिक्षक के घर पहुंची। यहां लोकायुक्त टीम को देख शिक्षक भागा और एक बैग छत से पीछे सड़क पर फेंक दिया। उस बैग को भी लोकायुक्त पुलिस ने बरामद कर लिया है। प्रॉपर्टी संबंधित व बैंक अकाउंट के दस्तावेज इसी बैग में मिले हैं। शिक्षक के पास 12 बीघा जमीन, 1 मकान, एक गिरवी रखा हुआ मकान, बोलेरो कार व 4 दोपहिया वाहन सहित अन्य संपत्ति मिली है। जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है
एसपी लोकायुक्त संजीव सिन्हा के पास करीब 7 से 8 महीने पहले थाटीपुर कुम्हारपुरा स्थित शिवनगर निवासी चन्द्रप्रकाश पाठक मूलतः निवासी उटीला की शिकायत पहुंची थी। शिकायतकर्ता ने शिक्षक के व्यापमं कांड में शामिल होने और आय से अधिक संपत्ति की सूचना दी थी। इस शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाना शुरू की। जिसमें कुछ संपत्तियों की जानकारी मिली। सारे सबूत जुटाने के बाद मंगलवार सुबह 5 बजे लोकायुक्त टीम शिक्षक के घर शिवनगर पहुंच गई। यहां घंटी बजते ही शिक्षक ने दरवाजा खोला। लोकायुक्त को सामने देख शिक्षक के होश उड़ गए।
पूरे परिवार ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। इस बीच शिक्षक भागा और एक बैग छत से बाहर सड़क पर फेंक दिया। पर उसे ऐसा करते देख लिया तो बैग जब्त किया गया। इसी बैग से ज्यादातर संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं।
क्या-क्या संपत्ति मिली
– शिक्षक के घर से लोकायुक्त को 12 बीघा जमीन की रजिस्ट्री मिली हैं, जो वर्ष 2010 से 2017 के बीच अलग-अलग कराई गई हैं। यह जमीन उटीला गांव में हैं। उटीला में एक बीघा जमीन की कीमत 10 से 15 लाख है।
– 2 मकानः शिक्षक के घर से 2 मकान के दस्तावेज मिले हैं। 3 मंजिला मकान जिसमें वह रह रहा है। इसके अलावा एक मकान के और दस्तावेज मिले हैं। उसे 8 लाख रुपये में गिरवी रखा था।
– 1 बोलेरो वाहन, 2 बाइक, एक्टिवा व एक नया स्कूटर मिला है, जिसे कुछ समय पहले ही खरीदा गया है।