साइकिल को रोकोगे तो हटा दूंगा ‘हाथ’: अखिलेश यादव

0
अखिलेश यादव ने कहा, “हमने भी तय कर लिया है कि साइकिल को रोकोगे तो आपका हाथ हैंडल से हटा दिया जाएगा। कंट्रोल और किसी के साथ हो जाएगा।” उन्होंने यह बयान छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक चुनावी सभा के दौरान दिया। यहां वे सपा और अपने गठबंधन दल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संयुक्त उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने आए थे।
गठबंधन में हो रही देरी को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस को इशारों ही इशारों में धमकी दी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘साइकिल’ को रोकोगे तो ‘हाथ’ हटा दूंगा।
उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी राज्य (छत्तीसगढ़) में समाजवादी पार्टी की संभावनाओं को खत्म करने का आरोप लगाया। साथ ही यह संकेत दिया कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन में शामिल नहीं हो सकती है।
पार्टी का नाम लिए बिना ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने चिन्ह (कांग्रेस का ‘हाथ’ और सपा का ‘साइकिल’) के माध्यम से दोनों पार्टियों के बीच बढ़ती दूरी का संकेत दिया। इससे पहले भी अखिलेश यादव ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में चुनाव को लेकर कांग्रेस पर जोड़-घटाव कर समय बर्बाद करने को लेकर निशाना साधा था।
कहा था, “जब गठबंधन नहीं हुआ तो हम गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ चले गए। यह समझना मुश्किल है कि कांग्रेस क्या करना चाहती है और क्या जोड़-घटाव कर रही है। लेकिन एक चीज साफ हो गया है कि वे समाजवादी पार्टी को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं।”
अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा और कांग्रेस की राजनीति में कोई अंतर नहीं है। उनके द्वारा कांग्रेस विरोधी बयान उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के 20 महीने बाद आया है।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने फिर की गलती, सीताराम केसरी को बताया दलित
उस समय समाजवादी नेतृत्व ने कहा था कि ‘साइकिल’ और तेजी से चलेगी जब ‘हाथ’ का साथ मिलेगा। लेकिन भाजपा ने दोनों के गठबंधन को परास्त कर दिया और सीएम योगी मुख्यमंत्री बने।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More